आलीराजपुर। जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में हथनी बैराज परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे क्षेत्र में जल संग्रहण बढ़ेगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। साथ ही सड़क मार्ग से आवागमन के साथ विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी।अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने शनिवार को आलीराजपुर जिले के ग्राम मोरासा में हथनी बैराज परियोजना.02 एवं छकतला के ग्राम जामली में कटवाड से जामली सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

मंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस प्रकार के बैराज बनने से आसपास के क्षेत्रों के कुएं, तालाब और बोरिंग में जलस्तर बेहतर होगा। इससे सिंचाई का रकबा बढ़ेगा और किसान वर्षा पर निर्भर नहीं रहेंगे। फाटा परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि अब पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था होने से किसान ग्रीष्म ऋतु में भी फसल ले पा रहे हैं, जबकि पहले केवल बरसात के पानी पर निर्भर रहना पड़ता था। सरकार के प्रयासों से गांवों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है और पूरे प्रदेश में सिंचाई क्षेत्र का रकबा बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री श्री चौहान ने कहा कि अब महिला सशक्त हो रही है।आजीविका मिशन के तहत महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर कार्य कर रही हैं और “लखपति दीदी” बन रही हैं। किसानों को भी किसान सम्मान निधि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में दी जा रही है। साथ ही पीडीएस के जरिए गरीबों को अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश सरकार बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने युवाओं से अच्छी शिक्षा ग्रहण कर रोजगार पाने की अपील की और जो पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें खेती के साथ-साथ वैकल्पिक व्यवसाय अपनाने की सलाह दी। मोबाइल रिपेयरिंग, मोटर मैकेनिक, वेल्डिंग, कियोस्क संचालन, कंप्यूटर प्रशिक्षण जैसे छोटे व्यवसायों के माध्यम से जिले में ही रोजगार के अवसर सृजित करने को कहा। साथ ही किसानों से खेती के साथ पशुपालन और बकरी पालन जैसे कार्य कर आय बढ़ाने की अपील की।

मंत्री श्री चौहान ने शनिवार को आलीराजपुर के ग्राम मोरासा में हथनी बैराज परियोजना 02 के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया जिसकी प्रशासकीय स्वीकृति लागत 471.03 लाख रुपए है। इस परियोजना से मोरासा के 324 हेक्टर का क्षेत्र सिंचित होगा जिससे आस पास के क्षेत्र लाभान्वित होगे। साथ ही छकतला के ग्राम जामली में कटवाड से जामली सड़क मार्ग का भूमि पूजन किया जिसकी लंबाई 4.90 किमी है एवं अनुमानित लागत 691.76 लाख रुपए है।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, ग्राम सरपंच, पटेल, जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।