भोपाल l प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि मंत्री विजय शाह पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी आ चुकी है, ऐसे में उनका मंत्री पद पर बने रहना उचित नहीं है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को छिंदवाड़ा के कफ सिरप मामले से घेरते हुए कहा कि 26 मौतों के जिम्मेदार व्यक्ति को मंत्री पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। वहीं नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके शहर में दूषित पानी से 32 लोगों की मौत हुई, इसके बावजूद उनसे कोई जवाबदेही तय नहीं की गई। मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए पटवारी ने कहा कि सिर्फ तालियों और अभिनंदन से सरकार नहीं चलाई जा सकती। मुख्यमंत्री को पद की मर्यादा का पालन करते हुए तीनों मंत्रियों से इस्तीफा लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कांग्रेस पार्टी की औपचारिक मांग है।