राज्यमंत्री ने की केन्द्रीय जेल सतना स्थित आदर्श गौशाला में गोवर्धन पूजा
सतना l नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने बुधवार को केन्द्रीय जेल सतना स्थित आदर्श गौशाला में गोवर्धन पूजा की। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि सनातन परंपरा में गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि करुणा, संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की भावना का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से मानव, प्रकृति और पशु जगत के सामंजस्य का जो संदेश दिया, वही भावना आज हमारी संस्कृति की आधारशिला है। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने गोवर्धन पूजा के बाद गौ-शाला की गायों को मिष्ठान खिलाया। उन्होंने गायों को स्नेहपूर्वक दुलारा और उन्हें गुड़ एवं मिष्ठान इत्यादि स्वयं खिलाया। राज्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन देव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति बनी रहे, यही कामना है। इस मौके पर जेल अधीक्षक श्रीमती लीना कोस्टा, सहायक जेल अधीक्षक अभिमन्यु पाण्डेय, जेलर श्रीकांत त्रिपाठी, सोनवीर सिंह कुशवाहा, संदीप शुक्ला सहित जेल का स्टाफ उपस्थित रहा।



