डिंडौरी l नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आज जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने नशा मुक्ति सेल्फी पॉइंट पर पहुंचकर शपथ ग्रहण किया एवं फोटो लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।   

    इस अवसर पर मंत्री श्रीमती बागरी ने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “नशा जीवन को अंधकार की ओर ले जाता है, हमें नशे से दूर रहकर अपने परिवार और समाज के उज्जवल भविष्य की दिशा में कार्य करना चाहिए।“

       उन्होंने युवाओं से नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया तथा कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर समाज में नशा मुक्ति के लिए जागरूकता फैलानी चाहिए। प्रभारी मंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और बेहतर भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।        कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।