सतना l श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास द्वारा जिला प्रशासन सतना के सहयोग से देव प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर आयोजित दीपोत्सव में चित्रकूट के पावन मां मंदाकिनी घाट पर 1 लाख 11 हजार 111 से भी कही अधिक दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव पर्व मनाया गया। इस अवसर पर राघव प्रयाग घाट पर सागर के विभोर फ्यूजन बैंड के कलाकारों ने श्रीराम के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्ति मय बनाया। सांध्य भजन संध्या का शुभारंभ नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विभोर फ्यूजन बैंड के कलाकारों ने सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे सरकार आए हैं और मारुति नंदन हे सुख बंधन सुन लो मेरी पुकार पवन सुत बिनती बारंबार,की प्रस्तुति ने श्रोताओं को भक्ति भाव से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सहायक कलेक्टर एवं सीईओ जनपद अनिकेत शांडिल्य, नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल, जनपद अध्यक्ष रेणुका जायसवाल, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, प्रबल श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन तथा नगरवासी उपस्थित रहे। चित्रकूट के पंचवटी घाट पर बालाघाट की गायिका मुस्कान चौरसिया ने राम का भवन बन गया... हे भारत के राम जागो..., युग राम राज का आ गया..., कीजो केसरी के लाल..., घर मोरे पधारिये..., भारत का बच्चा-बच्चा जय-जय श्रीराम... जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा भरत घाट पर भी मां मंदाकिनी गंगा की महा आरती और दीपोत्सव के साथ ही आतिश बाजी के कार्यक्रम भी संपन्न हुए।