मऊगंज जिले में रमनगरी पंचायत के गड़रा गांव में  दो पक्षों के बीच हुए विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर उग्र ग्रामीणों ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी शाहपुर संदीप भारती, तहसीलदार पानिका, एएसआई जवाहर सिंह यादव और बृहस्पति पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची एसडीओपी अंकित सुल्या को भी आक्रोशित ग्रामीणों ने घेर लिया, जिससे पुलिसकर्मियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि कई पुलिसकर्मी वहां फंस गए और उन्हें चोटें आईं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल एवं आशीर्वाद अस्पताल, मऊगंज में भर्ती कराया गया है।

मऊगंज में इस घटना के बाद से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 
पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।