दवाइयों की कीमतों में ऐतिहासिक राहत- मंत्री श्री पटेल
नरसिंहपुर । केंद्र सरकार द्वारा दवाइयों की कीमतों में की गई ऐतिहासिक कटौती से आमजन को बड़ी राहत मिली है। यह बात पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने विकासखंड नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत हीरापुर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लोकार्पण अवसर पर कही।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि अब बुखार जैसी सामान्य बीमारी के लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। गांव स्तर पर ही ब्लड टेस्ट की सुविधा उपलब्ध होगी और आवश्यक दवाइयाँ भी यहीं मिलेंगी। इससे ग्रामीणों का समय और पैसा—दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ब्रांडेड दवाइयों पर मनमाने दामों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया है। जो दवाइयाँ पहले एक माह में 8–8 हजार रुपये तक पड़ती थीं, वे अब मात्र 1400 से 1600 रुपये में उपलब्ध हो रही हैं। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग नागरिकों को बड़ा लाभ मिल रहा है, जिन्हें जीवनभर नियमित दवाइयों की आवश्यकता होती है।
164.92 लाख रुपये की लागत से तैयार स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण
मंत्री श्री पटेल ने ग्राम हीरापुर में 164.92 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना तथा बुजुर्ग नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, सीएमएचओ डॉ. मनीष मिश्रा, बीएमओ डॉ. ऋचा मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आयुष्मान भारत: गंभीर इलाज में मजबूत सहारा
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि आयुष्मान कार्ड धारक नागरिक सूचीबद्ध अस्पतालों में बड़े ऑपरेशन सहित गंभीर उपचार निःशुल्क करा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आयुष्मान कार्ड किसी अस्पताल में जमा न करें और आवश्यकता पड़ने पर सीधे मान्य अस्पताल में संपर्क कर योजना का पूरा लाभ लें।
नशामुक्त समाज का आह्वान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने नशे के दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशा समाज को पतन की ओर ले जाता है। समाज को नशामुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गरीब कल्याण की दिशा में सरकार का संकल्प
मंत्री श्री पटेल ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि आज देश के गरीब और सामान्य परिवारों को आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। अब शायद ही कोई ऐसी रोजमर्रा की जरूरत बची हो, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक न पहुँच रही हो।



