नरसिंहपुर l  पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल की मौजूदगी में विशेष बैठक नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में आयोजित की गई। मंत्री श्री पटेल ने पार्षदों से परिचय लेकर बैठक प्रारंभ की।

      बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे ने एक राष्ट्र- एक चुनाव के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे नगर पालिका परिषद के सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री दुबे द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में बताया कि इसका उद्देश्य भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाना है। एक राष्ट्र- एक चुनाव का मुख्य उद्देश्य लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभाओं के चुनावों को एक साथ आयोजित करना है, ताकि समय, संसाधन और प्रशासनिक खर्चों की बचत हो सके तथा देश के विकास में निरंतरता बनी रहे।

      बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च से प्रारंभ किया जायेगा। इस दिशा में नगर पालिका नरसिंहपुर भी अभियान के संबंध में कार्य योजना बनायें। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जब हम पूरे मनोयोग से शहर की बेहतरी के प्रयास करेंगे, तभी शहर स्वच्छ और सुंदर हो सकता है। वार्ड मेंबर होने के नाते आपको सोचना होगा कि किस तरह वार्ड को सुंदर व स्वच्छ बनाया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि नगर पालिका को अपने अनावश्यक खर्चों को कम करना होगा। पानी का दुरूपयोग एवं अपव्यय न हो, इसके लिए जिम्मेदार नागरिक की तरह हमारा प्रयास होना चाहिये। इसके अलावा हमें यह भी सोचने की ज़रूरत है कि किस तरह बिजली बिल को कम किया जा सकता है। बिजली बिल के रूप में जमा की जाने वाली वाली राशि का उपयोग हम शहर के विकास में कर सकते हैं। हम सौर ऊर्जा का उपयोग कर सोलर पैनल का इस्तेमाल कर सकें। इस पर भी बैठक कर मंथन करना होगा।

      मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने प्रकृति में विद्यमान अमूल्य औषधियों के महत्व को भलीभाँति समझा और उन्हें सहेजकर रखा। हमारी और भावी पीढ़ी के लिए पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें समेकित प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को साफ-सफाई के प्रति अपनी सोच को बदलना चाहिए। सभी को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसका निर्वाह करना चाहिए। स्वच्छता के प्रति लोगों की सोच अपने घर की सफाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए। हम जिस समाज में रहते है उसको भी साफ-सुथरा रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है। नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए नपा प्रशासन तो अपना कार्य कर रहा है। वहीं रहवासी भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

      बैठक में पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नरसिंहपुर श्री नीलम चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।