मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाकर रन फॉर यूनिट को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नरसिंहपुर l पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर में भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मजयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में सभी को शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई, जिसे सभी ने दोहराया कि मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं। मंत्री श्री पटेल ने इसके बाद रन फॉर यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रन फॉर यूनिटी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस स्टेडियम ग्राउंड में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर श्री रामसनेही पाठक, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और स्कूली विद्यार्थी मौजूद थे।



