व्यवस्थित ढंग से खाद वितरण सुनिश्चित करायें
रीवा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गूगल मीट के माध्यम से जिले में खाद वितरण की समीक्षा के दौरान राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्थित ढंग से यूरिया का वितरण करायें। एसडीएम व्यक्तिगत तौर पर वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखें तथा वितरण के दौरान पटवारियों की भी ड¬ूटी लगायें।
कलेक्ट्रेटे के बाणसागर सभागार से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से कलेक्टर ने मार्कफेड के वितरण केन्द्रों व सहकारी समितियों से यूरिया खाद वितरण की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि जिले को लगातार खाद प्राप्त हो रही है व्यवस्थित व सुगम कार्ययोजना बनाकर वितरण करायें। उन्होंने कहा कि किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद प्राप्त हो इसे प्राथमिकता दें। वितरण केन्द्रों में छाया, पानी सहित अन्य प्राथमिक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराते हुए टोकन प्राप्त कर चुके किसानों को परीक्षणोपरांत वितरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समाधानकारक निराकरण करने के निर्देश वीडियो कांफ्रेसिंग में दिये। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर वैशाली सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



