खतरनाक स्टंट : बाइक से पटाखे बाजी, पुलिस को बाइकर्स की तलाश
शाजापुर में दीपावली की रात खतरनाक तरीके से जश्न मनाने का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवक सड़क पर तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए हाथ में पटाखे फोड़ते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो हाट मैदान क्षेत्र स्थित महूपूरा चिलर नदी के पास का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में युवक बाइक पर स्टंट करते हुए भी नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ, लेकिन इस तरह का जोखिम भरा व्यवहार किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकता था।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है।
पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के मौके पर ऐसे खतरनाक स्टंट और पटाखों के साथ लापरवाही भरे कार्य न करें, जिससे किसी की जान को खतरा हो।



