भोपाल l चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पहली बार पहल करते हुए कान्हा ग्रीन होटल एंड रेस्टोरेंट, रायसेन रोड में तीन दिवसीय “आरंभ गरबा महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोजक अभिषेक नागर एवं सुषमा नागर ने बताया कि महोत्सव में लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आकर्षक संचालन एंकर प्रतिभा सोन्हिया द्वारा किया गया। वहीं निर्णायक मंडल में रंगकर्मी अभिनेता-निर्देशक सुनील सोन्हिया, ग्रूमिंग एक्सपर्ट रविन्द्र माथुर, दूरदर्शन एंकर पुरवा राय, अभिनेता-निर्देशक आर.के. दादोरिया, टीवी एंकर संचिता वाल्के, इवेंट ऑर्गनाइजर अभिषेक पाराशर, बैंकर नीतू ठाकुर एवं मॉडल पल्लवी नायक शामिल रहे।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न श्रेणियों—बेस्ट गरबा ड्रेस, बेस्ट गरबा डांसर, बेस्ट गरबा किड्स एवं ओवरऑल बेस्ट गरबा एनर्जी डांसर—में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने माता रानी की आराधना की। पूरे आयोजन में भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय गरबा महोत्सव पूर्णतः निःशुल्क था l