भोपाल । पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान लगातार विदिशा संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहें हैं। शनिवार को पूर्व सीएम ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी और कार्यकर्ताओं के साथ पौधरोपण किया। साथ ही शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेशवासियों कें मंगल की कामना की। वहीं उन्होंने सिलवानी विधानसभा के करीब एक दर्जन से भी ज्यादा गांवों में आमजन से मुलाकात कर संवाद किया। श्री चौहान, बम्होरी वर्धा में आयोजित बूथ समिति की बैठक में सम्मिलित हुए, ग्राम जमुनियां में जनसभा को संबोधित किया और विदिशा में सदस्यता ग्रहण समारोह में सहभागिता कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा में शामिल किया। 
राममंदिर से कांग्रेस खुश नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, आयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजे। पूरे देश में उत्सव मनाया जा रहा था, हर गांव, हर घर में दीप जलाए जा रहे थे। हर कोई रामलला के दर्शन के लिए आतुर था। पूरा देश खुशियां मना रहा था, लेकिन कांग्रेस खुश नहीं थी। कांग्रेस को भी प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया गया था लेकिन उन्होंने कहा कि, हम नहीं जाएंगे। विनाशकाले विपरित बुध्दि, ऐसे फैसले लेने वाली कांग्रेस में कौन रहेगा, इसलिए कांग्रेस के अच्छे विचारवान नेता देश के विकास के लिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।  
*कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता*
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में आज विदिशा में सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति, प्रधानमंत्री जी की जन-कल्याणकारी योजनाओं और देश व प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व सीएम शिवराज ने सभी को पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा में शामिल किया। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का आंदोलन है और जो अपने देश की सेवा करना चाहता है, भारतीय जनता पार्टी में आना चाहता है तो भाजपा उनका स्वागत करती है। कांग्रेस के पास कोई आधार नहीं है, कांग्रेस गर्त में जा रही है। कांग्रेस अच्छे कामों का भी विरोध करती है। 
बहनों को लखपति दीदी बनाना है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, बहनों के जीवन में कभी अंधेरा नहीं रहने दूंगा, आखिर बहनें क्यों किसी के सामने हाथ फैलाएं, आखिर क्यों बहनें तकलीफ में रहें, गरीब रहें। उन्हें भी जीवन में मुस्कुराने का अधिकार है। आधी आबादी को पूरा न्याय मिलना चाहिए। इसलिए लाड़ली बहना जैसी योजना बनी थी। इस योजना से बहनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आए है। अब प्रधानमंत्री श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी का भी संकल्प है कि, बहनों को लखपति बनाना है। लखपति दीदी का मतलब घर का कामकाज करते हुए हर बहन की आमदनी 10 हजार रूपए महीने से ज्यादा हो, और सालाना 1 लाख रूपए से अधिक हो। स्व-सहायता समूह के माध्यम से हर बहन को लखपति बनाना मेरे जीवन का मिशन है। मैं अपनी अंतिम सांस तक बहन-बेटियों के कल्याण और विकास के लिए काम करता रहूंगा।  
आदर्श लोकसभा क्षेत्र बनेगा विदिशा
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र को आदर्श लोकसभा क्षेत्र बनाना है। यहां के हर शहर, हर ग्राम को आदर्श बनाना है। उन्होंने कहा कि, किसान, महिला, युवा और गरीब के कल्याण और विकास ही हमारा लक्ष्य है। कांग्रेस के जमाने में न तो सड़कें थी, न बिजली थी और न ही पानी की कोई व्यवस्था थी। पहले भी भाजपा सरकार में विदिशा लोकसभा में कई विकास के कार्य हुए हैं और अब इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि, बहनें, भाई और भांजे-भांजियां सभी चुनाव प्रचार के लिए निकलें, यहां चुनाव मैं नहीं लड़ रहा हूं यहां मेरी जनता ही चुनाव लड़ रही है। 7 मई तक आप काम करो, उसके बाद पांच साल मैं काम करूंगा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि, विदिशा और यहां की जनता के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। 
मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी जी ने अद्भुत काम किए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस के जमाने में दुनिया में कहीं भी भारत का मान-सम्मान नहीं था। भारत को घपलों-घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन 2014 के बाद से दुनिया के कोने-कोने में मोद-मोदी के नारे लग रहे हैं। पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है। ये मान-सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी जी का नहीं है बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का है। कश्मीर से धारा 370 समाप्त हो गई, तीन तलाक जैसा काला कानून भी समाप्त हो गया। 500 साल का संकल्प पूरा हुआ जब आयोध्या में भव्य और दिव्य राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजमान हुए। मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही विकसित भारत का निर्माण होगा और भारत विश्व गुरू बनेगा। इसलिए श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।  
गांव-गांव में भव्य स्वागत
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र की अलग-अलग विधानसभा के कई गांवों में पहुंचें और लोगों से मुलाकात की। इनमें ग्राम वेरूआ, केवट पिपलिया, बम्होरी वर्धा, सांईखेड़ा, जमुनियां, समनापुर कलां, हैदरी, चांदपुर, अहमदपुर और विदिशा शामिल है। इस दौरान शिवराज का हर गांव में फूलों की बौछार कर भव्य स्वागत किया गया। बड़े-बुजुर्गों ने शिवराज के सिर पर हाथ रख उन्हें आशीर्वाद दिया। बहनों ने तिलक लगाकर भैया के हाथों में चुनाव लड़ने के लिए पैसे रख दिए तो भांजे-भांजियों ने भी मामा को विजय भवः के गुल्लक थमा दिए। वहीं युवाओं ने भी फूल-माला पहनाकर शिवराज को गले लगाया। श्री चौहान ने भी ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर मंजीरा बजाया और भजन गाया। साथ ही सभी का हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर अभिवादन किया।