माताओं-बहनों की सेवा ही मां दुर्गा की सेवा है - केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान
सीहोर l केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी सिविल अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान एवं सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया। शुभारंभ के पश्चात उन्होंने शिविर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले नागरिकों से संवाद किया और उन्हें रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में उन्होंने निक्षय मित्र अभियान के तहत टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारी माताएं और बहनें मां दूर्गा की सच्ची मूरत हैं और इनकी सेवा ही मां दुर्गा की सेवा है। उन्होंने कहा कि पहला सुख निरोगी काया है, जिस परिवार की नारी स्वस्थ होती है, वह परिवार सशक्तिकरण और विकास की तरफ आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि हमारी माताएं और बहनें स्वस्थ रहें इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ नारी सशक्त परिवार अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत माताओं और बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है ताकि किसी बीमारी की संभावना होने पर त्वरित उपचार प्रदान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जब कोई बीमारी छोटे स्वरूप में होती है तब उसका उपचार कर दिया जाए तो वह खत्म हो जाती है, पर अगर वही बीमारी समय के साथ बढ़ जाए तो, वह हमारे जीवन को प्रभावित करती है। उन्होंने माताओं बहनों को प्रेरित करते हुए कहा कि अभियान के तहत लगाए जा रहे शिविरों में विशेषज्ञों द्वारा बीमारियों की जांच की जा रही है, इन शिविरों में सभी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और बीमारी का पता चलने पर त्वरित उपचार लें, ताकि बीमारी को खत्म किया जा सके और आप स्वस्थ रहें। इस अवसर पर बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, अनुसूचित जनजाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्माला बारेला, श्री रघुनाथ सिंह भाटी, श्री रवि मालवीय, सीएमएचओ डॉ सुधीर कुमार डेहरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नगरिक उपस्थित थे।
2517 हितग्राहियों को प्रदान की गई स्वास्थ्य सेवाएं
बुधनी सिविल अस्पताल में आयोजित किए गए इस स्वास्थ्य शिविर में 1978 महिलाओं एवं किशोरियों तथा 569 पुरूषों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान गईं। शिविर में जांच के दौरान सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार उपचार प्रदान किया गया।



