नर्मदापुरम l पिपरिया के कुर्सी खापा गांव में 13 वर्षीय सत्यम ठाकुर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। सत्यम ने बिना घबराए  तेंदुए की गर्दन पकड़ ली और शोर मचाने लगा। गांव के लोगों के पहुंचने पर तेंदुआ खुद घबराकर भाग गया। घायल सत्यम का अस्पताल में इलाज जारी है l पूरा मामला पिपरिया फॉरेस्ट बीट के कुर्सी खापा गांव का है, जहां शनिवार शाम खेत के पास 13 साल का सत्यम ठाकुर अन्य बच्चों के साथ रोजाना की तरह खेल रहा था, तभी घात लगाए बैठे एक तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया पर बिना घबराए सत्यम ने पूरे साहस के साथ उसका मुकाबला किया ,तेंदुए के पंजों से खुद को बचाने के लिए सत्यम ने उसकी गर्दन पकड़ ली और उसे पीछे धकेल दिया। कुछ देर तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान तेंदुए के नाखून सत्यम के पेट और पैरों में गहरे लग गए, जिससे वह घायल हो गया, लेकिन उसने हार नहीं मानी और लगातार शोर मचाते रहा। उसकी चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के पहुंचते ही तेंदुआ घबराकर भाग गया। घटना के बाद पूरे इलाके में  दहशत का माहौल फैल गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल सत्यम ठाकुर को तत्काल पिपरिया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और बताया कि उसकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।