प्रदेश में गरीब युवा, किसान एवं महिलाओं को समृद्ध एवं संपन्न बनाया जाएगा - मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

मंडला l लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में गीता जयंती धूमधाम से मनाया गया है। प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत जनकल्याण पर्व प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा प्रदेश के गरीब युवा, किसान एवं महिलाओं की समृद्धि के लिए नए अवसरों का मध्यप्रदेश का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके गुरूवार को मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत सर्रापिपरिया में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, एसडीएम नैनपुर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री विनोद मेरावी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के आगमन पर लोक कलाकारों के द्वारा लोकनृत्य व लोकगीत प्रस्तुत कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कलश यात्रा भी निकाली गई। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वागत गीत भी गाए गए। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि गीता जयंती के अवसर पर भगवान श्री कृष्ण के उपदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करना होगा। हमें सत्य और न्याय दिशा में आगे बढ़ना होगा। प्रदेश सरकार गीता के संदेशों को जनजन तक पहुंचाने का काम कर रही है।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि सायंकाल चौपाल आयोजित करने से सभी ग्रामीणजनों से सीधा संवाद हो जाता है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग दिन में अपने खेतों में कृषि कार्य करते हैं, उन्हें सायंकाल को ही घर में आने का अवसर मिलता है, इस कारण उनसे संवाद करने के लिए सायंकालीन चौपाल आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के द्वारा हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। हितग्राहियों का चयन कर इन योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ लेने से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे, इसलिए जनकल्याण अभियान चलाकर गांव-गांव और घर-घर तक संपर्क किया जा रहा है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों का चयन कर शासन की योजनाओं का लाभ उनके घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रदेश में 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को भी आयुष्मान कार्ड प्रदान किया जा रहा है, जिससे ऐसे व्यक्ति भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले सकें। प्रदेश में कोई भी नागरिक अब स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नही रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए, जिससे 5 लाख रूपए तक का इलाज निःशुल्क प्राप्त किया जा सके। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि ग्राम पंचायत सगौनिया में एक करोड़ 50 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। स्व सहायता समूहों के लिए 85 ग्राम संगठन भवन बनाए जा रहे हैं। इन ग्राम संगठन भवन में स्व सहायता समूह की महिलाएं आपस में बैठकर विकास कार्यों एवं योजनाओं के संबंध में विचार विमर्श करेंगी।मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। किसी भी परिवार को अब पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिले में बांध व नहरों का निर्माण कर सिचाई क्षमता को बढ़ाया गया है। प्रदेश में सिचाई के क्षेत्रफल में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे फसलों के उत्पादन में बढ़ोत्तरी हुई है और किसान समृद्ध बन रहे हैं। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए उन्हें लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को एक हजार 250 रूपए प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। इन योजनाओं की सम्मान निधि की राशि किसानों के बैंक खातों में दी जा रही है। जिससे जरूरत के समय किसानों को रूपए पैसों के लिए कहीं भटकना न पड़े। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि गांव-गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के भवनों का निर्माण किया गया है। इससे गरीब परिवार के लोगों का पक्के मकान में रहने का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से सभी हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा, जो हितग्राही छूट गए हैं उनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में जोड़ा जाएगा। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों को स्वच्छता का महत्व बताने को कहा है। जिससे बच्चे बचपन से ही स्वच्छता को अपना कर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना, ट्राईसिकल, भू अधिकार प्रमाण पत्र सहित शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मत्स्य विभाग, आयुष विभाग, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।