प्रकृति और गौ-वंश के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है गोवर्धन पूजा- मंत्री श्रीमती संपतिया उईके
मंडला l राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम पौंड़ी में श्री गोवर्धन पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके शामिल हुई। उन्होंने इस अवसर पर विधिवत पूजन कर समस्तजनों के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए कामना की। गौमाता की आराधना कर उन्हें गुड़ और हरी घास अर्पित की।
मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि गोवर्धन पूजा का यह पर्व हमें प्रकृति और गौ-वंश के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह हमें प्रकृति से जुड़ाव के साथ-साथ गौ संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जी एवं श्री गोवर्धन महाराज की कृपा और गौमाता के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति और शुभता बनी रहे, यही मंगलकामना करती हूँ।
इस अवसर पर श्री प्रफुल्ल मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, उपसंचालक पशुपालन श्री उग्रसेन तिवारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



