प्रशासन सतर्क : यूरिया की कोई कमी नहीं सभी किसानों को मिलेगा खाद
दमोह l कृषि उपज मंडी जबेरा में यूरिया खाद वितरण के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तत्परता से मोर्चा संभाला। मौके पर तहसीलदार सोनम पांडे, नायब तहसीलदार अटल बिहारी वर्मा, कृषि विस्तार अधिकारी नरेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी नोहटा अभिषेक पटेल एवं सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी राजीव पुरोहित सहित प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और खाद वितरण की व्यवस्था बनाई गई।
खाद वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया जा रहा हैं। गोदाम प्रभारी एच.सी. विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। मंडी में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है, वर्तमान में 7700 बोरियों का स्टॉक है। सभी पात्र किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन द्वारा यह अपील की गई है कि किसान अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें, सभी को आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी।



