सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारत का एकीकरण कर देश का गौरव व मान बढ़ाया है- मंत्री श्री सिंह
नरसिंहपुर l स्कूल शिक्षा व परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि देश के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल की आज हम 150 वीं जयंती मना रहे हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने रियासतों का एकीकरण कर हमारे देश का मान व गौरव बढ़ाया है। भारत देश उनके संकल्पों को हमेशा पूरा करते हुए लगातार आगे बढ़े, यही हम सभी नागरिकों को संकल्प लेना होगा। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह शुक्रवार को जिले की जनपद पंचायत सांईखेड़ा के ग्राम पंचायत नांदनेर में खेल मैदान का भूमिपूजन और ग्राम पंचायत भवन के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री सिंह ने आयोजित कार्यक्रम में मां सरस्वती जी, महात्मा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक व श्रीमती साधना स्थापक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ऋचा स्थापक, श्री योगेश कौरव, श्री मुकेश मरैया, श्री चंद्रकांत शर्मा, श्री दिग्विजय सिंह राजपूत, श्री राजेश पटेल, श्री सुरेश मामोलिया, श्री नरेन्द्र कौरव, श्री राजेश माहेश्वरी, श्री मोहरकांत गुर्जर, श्री राव संदीप सिंह, श्री कीरत गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि हाई स्कूल नांदनेर में हाई टैक लैब बनने से छात्र- छात्राएं विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी, जिससे हमारे जिले का नाम रौशन होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत नांदनेर में नागरिकों के पेयजल के लिए नल- जल योजना संचालित की गई है। ग्राम खुरसीपार और नांदनेर तक उत्कृष्ट सड़क मार्ग का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। मंत्री श्री सिंह ने ग्राम पंचायत नांदनेर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये, स्कूल से शांतिधाम तक सड़क मार्ग के लिए 10 लाख रुपये तथा हरिजन मोहल्ला में सार्वजनिक कार्य हेतु दो लाख रुपये देने की घोषणा की। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विकास के क्षेत्र में नांदनेर गांव आगे बढ़े, इसके लिए हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति से प्रदेश में सभी छात्र- छात्राएं उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने सभी छात्र- छात्राओं को अपने माता-पिता और गुरूजनों से प्रेरणा प्राप्त कर आगे बढ़ने को कहा।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत देश विश्व का प्रतिनिधित्व कर रहा है। भारत देश अब सबल व सक्षम देश बन चुका है। भारत देश में स्पेस, मिसाईल, मोबाइल, गाड़ियां इत्यादि का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रकार से हमारा देश आत्मनिर्भर की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत देश में विचार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता रही है। भारत देश में हम अपने विचारों को विभिन्न मंचों के माध्यम से व्यक्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत देश के पड़ोसी देश जैसे पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल इत्यादि देशों में लोकतंत्र का अभाव रहा है, इसलिए वहां पर लोकतंत्र की सत्ता का परिवर्तन देखने को मिलता है। भारत देश एक लोकतांत्रिक देश है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्पों से भारत वर्ष 2047 तक विकसित देश बनेगा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की तरह अच्छे संकल्पों को लेकर हमें आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री जी एक सामान्य परिवार से होने के बावजूद आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होने सभी नागरिकों से कहा कि हमेशा अपना लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें और अपने लक्ष्य को प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करें।



