भोपाल l नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार के अंदर गुटबाजी चल रही है। मंत्री ही एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा को आत्मचिंतन करना चाहिए। भाजपा के विधायक ही सवाल उठा रहे हैं। सरकार के कोई काम नहीं हो रहे हैं। यदि सरकार ने कोई काम किया है तो विकास पर श्वेतपत्र लेकर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधि स्वयं तो कर्ज लेकर घी पी रहे हैं और जनता पर बोझ बढ़ा रहे हैं। वहीं, पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने कहा कि सरकार ने 3 लाख 85 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया है। इसके चलते प्रदेश के हर नागरिक पर 55 हजार रुपये का कर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि इस कर्ज से विकास के काम होते तो कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इससे भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के काम करती तो बेरोजगारी क्यों बढ़ती। उन्होंने कहा कि सरकार कर्ज पर श्वेत पत्र लाकर जानकारी दें। कर्ज का पैसा कहां और कैसे खर्च हो रहा है। इसकी जानकारी दें।