FIR दर्ज करने की मांग करने वालो के खिलाफ ही FIR दर्ज

खंडवा शहर में इन दिनों विश्वा कंपनी की वजह से जल संकट बना हुआ है। यहां पेयजल वितरण कर रही विश्वा कंपनी की पाइप लाइन बार-बार फूट रही है। ऐसे में खंडवा निगम टैंकरों से पानी सप्लाई कर व्यवस्था बनाने की कोशिश कर रहा है। लेकिन लोगों का कहना है कि टैंकरों से जो पानी आ रहा है, वह गंदा है। इसको लेकर ही गुस्साए लोगों ने सड़कों पर आकर चक्काजाम किया था। उसके बाद बाहेती कॉलोनी के आठ से अधिक रहवासियों पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने एफआईआर दर्ज करवा दी। इस मामले में पुलिस ने सिविल लाइन निवासी निगम इंजीनियर की शिकायत पर आठ लोगों पर बीएनएस की धारा- 223, 3 (5)के अंतर्गत कार्रवाई की है। इसमें बाहेती कॉलोनी की तीन महिलाओं समेत आठ नामजद और अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। महिलाओं पर FIR दर्ज होने को लेकर खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी इसे गलत बताया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कुछ हुआ है तो उसको भी संज्ञान में लेकर उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करवाएंगे। यह जनता का हक और अधिकार है। यदि उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और मूलभूत सुविधाओं के लिए अगर वे लोग मांग करते हैं तो इसमें क्या गलत है l लोगों का कहना है कि हम लोग पानी वितरण कंपनी विश्वा के खिलाफ एफआईआर की मांग कर रहे हैं। लेकिन हमारे ऊपर ही FIR दर्ज कर दी गई है।