गेहूं खरीदी केंद्र पर तौल में गड़बड़ी के आरोप, जांच के निर्देश

रायसेन ( हरीश मिश्र )
जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन शुरू होते ही खरीदी केंद्रों पर अनियमितताओं के मामले सामने आने लगे हैं। सेंडोरा स्थित एमएल वेयरहाउस पर किसानों ने तौल में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।
किसानों के अनुसार, निर्धारित 50 किलोग्राम के स्थान पर प्रति बोरी 55 से 57 किलोग्राम तक गेहूं तौला जा रहा है। इस प्रकार प्रति बोरी 5 से 7 किलोग्राम अतिरिक्त तौला जा रहा है। किसानों ने मौके पर ही मोबाइल से वीडियो बनाकर इसे वायरल किया, जिसके बाद मामला सामने आया।
शिकायतें मिलने के बाद जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
    बताया जा रहा है कि भोपाल रोड स्थित उक्त एमएल वेयरहाउस पर वीरपुरा सोसायटी द्वारा खरीदी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि तौल के दौरान निर्धारित मानक का पालन नहीं किया जा रहा है।
इधर, जिले में 9 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के कारण कई किसानों के स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों पर पहुंचे हैं, जहां स्लॉट न मिलने के कारण उनका गेहूं केंद्रों के बाहर खुले में पड़ा है।
किसानों ने प्रशासन से तौल में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा स्लॉट बुकिंग की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।