तोड़फोड़ और उग्र प्रदर्शन के बीच किसने जड़ा महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़...?
सागर l खुरई नगर में शराब दुकान खोलने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया, जब आक्रोशित भीड़ ने न केवल दुकान में तोड़फोड़ की बल्कि पुलिस टीम के साथ भी तीखी झड़प कर ली। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला प्रदर्शनकारी ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रही है। थप्पड़ जड़ने वाली महिला कौन है? क्या नाम है? ये जानकारी अभी सामने नहीं आई है। विरोध को लेकर हुए बवाल की तस्वीरें देखकर मौके की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस ने सभी उपद्रवियों के खिलाफ आगजनी, बलवा (दंगा करने), सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव करने वाली महिलाओं की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


