डायल-112 की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से महिला को मिला समय पर उपचार
दमोह जिले के थाना पटेरा क्षेत्र में डायल-112 जवानों की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली 50 वर्षीय महिला को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस मानवीय प्रयास से महिला को समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
दिनांक 27 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पटेरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरिया में एक 50 वर्षीय महिला द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया गया है एवं तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही पटेरा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ सउनि श्री दिलीप एवं पायलट श्री शफीक खान ने पाया कि अज्ञात कारणों से महिला ने आत्महत्या के उद्देश्य से जहरीले पदार्थ का सेवन किया था।
डायल-112 जवानों ने तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पीड़ित महिला को परिजनों के साथ तत्काल एफआरव्ही वाहन से पटेरा अस्पताल पहुँचाया।
डायल-112 की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से महिला को समय पर उपचार मिल सका। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में आमजन की सहायता हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।


