पी.एम.के.एस.के, में पी.एम.-प्रणाम किसान संगोष्ठी (किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम) सम्पन्न
खरगोन l नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (भारत सरकार का उपक्रम) क्षेत्रीय कार्यालय, इंदौर के अंतर्गत पी.एम.के.एस.के, बमनाला जिला खरगोन में पी.एम.-प्रणाम किसान संगोष्ठी (किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केवीके खरगोन वैज्ञानिक डॉ. वाय.के जैन, क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर प्रभारी श्री सुमित गर्ग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती जी की मूर्ति पर पुष्प माला अर्पण एवं दीप प्रज्वलन करके किया गया। भारतीय परंपरा अनुसार कार्यक्रम में उपस्थिति सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र खरगोन से वैज्ञानिक डॉ वाय.के. जैन ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए किसानों को रासायनिक उर्वरक के साथ–साथ जैविक उर्वरक ओर कार्बनिक खाद के उपयोग के लिए किसानों को प्रेरित किया साथ ही किसानों को रासायनिक उर्वरकों की जगह उनके विकल्प उर्वरक के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जिससे भारत सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी का भार कम किया जा सकेगा, जिसके विकल्प नैनो डी ए पी , नैनो यूरिया , पी डी एम , कंपोस्ट खाद, एफ.ओ.एम, सी वीड एवं बायो फर्टिलाइजर्स इत्यादि के उपयोग करने की सलाह दी गई ।
क्षेत्रीय कार्यालय, इंदौर प्रभारी श्री सुमित गर्ग ने कंपनी के सभी उर्वरक प्लांट, विभिन्न उत्पादों, POS सेल, और उर्वरक के संतुलित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही कृषि में न्यूनतम लागत, अधिकतम उत्पादन के फॉर्मूले पर ज़ोर देते हुए खेती में रसायनों का कम एवं फेर बदल कर प्रयोग करने और जैविक खेती की ओर अग्रसर होने के लिए जानकारी प्रदान की तथा उर्वरक की उपलब्धता, मूल्य, ओर उन पर मिलने वाली सब्सिडी पर विस्तृत चर्चा कर भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना भारतीय जन उर्वरक परियोजना के बारे में समझाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी किसानो को उपहार स्वरूप किसान जैविक उर्वरक का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम का समापन जिला प्रभारी खरगोन अजय चौहान द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रकट करते हुए सभी अतिथियों एवं किसानों को कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान हेतु धन्यवाद ज्ञापित एवं आभार प्रकट किया गया।
इस कार्यक्रम में 4 फैकल्टी एवं 68 किसानों सहित कुल 72 अतिथि एवं किसानो द्वारा भाग लिया गया।



