इंदौर के कनाड़िया स्थित बरसाना गार्डन में मंगलवार रात उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब सॉफ्टविजन कॉलेज द्वारा आयोजित गरबा उत्सव में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्मी गाने बजाने और अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
  उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में कुछ विशेष समुदाय के युवक भी मौजूद थे। सूचना मिलते ही वे अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और आयोजकों से कार्यक्रम बंद करने को कहा।

हंगामे की खबर मिलते ही कनाड़िया टीआई सहर्ष यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां उनकी बजरंग दल कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की अनुमति को लेकर तीखी बहस हो गई। 

मामले को बिगड़ता देख एसीपी कुंदन मंडलोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभाला और कॉलेज स्टाफ के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गए। पुलिस अब आयोजन की अनुमति की जांच कर आयोजकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है। बजरंग दल ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पहुंचने के बाद कुछ युवकों को पिछले दरवाजे से भगा दिया गया।