विदिशा l किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला का आज 26 मार्च बुधवार को सिरोंज विकासखण्ड के ग्राम वीरपुर स्थित महामाई मंदिर परिसर में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया।

                कृषि विज्ञान मेला के शुभांरभ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सिरोंज विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार के द्वारा किसानो के हितो में संचालित की जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी स्थानीय कृषको को सुगमता से प्राप्त होगी। उन्होंने कृषक सम्माननिधि, फसल बीमा, शून्य ब्याज पर ऋण इत्यादि के अलावा खाद बीज की उपलब्धता और सिंचाई हेतु सिरोंज विधानसभा क्षेत्र में किए गए प्रबंधो को रेखांकित किया है।

                 कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे ने कहा कि प्रदेश के किसानो की आमदनी दुगनी हो इसके लिए चहूंओर प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे है उन्होंने जिले के कृषको से आव्हान किया कि जैविक खेती को अधिक से अधिक उपयोग करें उन्होंने नगदी फसलो से होने वाली आमदनी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परम्परागत खेती किसानी की जगह आधुनिक खेती के लिए जो विधि , संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे है उन सबका किसान भाई अधिक से अधिक दोहन करें। उन्होंने रासायनिक खाद एवं कीटनाशक दवाओं से होेने वाली बीमारियों से बचने के लिए जैविक खेती पर बल दिया है।

                शमशाबाद विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीणा ने कृषकों को संबोधित करते हुये कहा कि मैं भी एक किसान हूं और अपने खेतों में स्वयं ट्रेक्टर भी चलाता हूं और कृषि संबंधित ज्ञान पाने के लिए हमेशा लालायित रहता हूं। उन्होंने कृषकों से आव्हान किया कि इस प्रकार के मेलों से आप भी उन्नत कृषि तकनीक का ज्ञान प्राप्त कर लाभान्वित हों। इससे पहले अतिथियों ने कृषि विज्ञान मेला का शुभांरभ मां सरस्वती जी की पूजन, दीप प्रज्जवलित और कन्या पूजन कर किया गया। मेले के प्रारंभ में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री केएस खपेडिया द्वारा मेले के उद्देश्य एवं विभाग द्वारा कृषक हित में चलाई जा रही योजनाओं को रेखांकित किया।

प्रदर्शनी का किया अवलोकन- अतिथियों के द्वारा मेले में विभिन्न विभागो के द्वारा लगाए गए स्टाॅलो के माध्यम से प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया है। मेला परिसर में विभिन्न शासकीय एवं निजी कंपनियों के 28 स्टॅाल लगाये गये थे। जिनमें कृषक उपयोगी नई नई तकनीक एवं उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। स्टॅाल का अवलोकन कर रहे कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने उत्पाद एवं तकनीकों के बारे में उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।

आयोजित हुई कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा - मेले में कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा से आये कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में बहुत ही सहज तरीके से उपस्थित कृषकों को जानकारी दी। अतिथियों द्वारा भी वैज्ञानिकों से कृषि संबंधी अपनी जिज्ञासा व्यक्त की जिसका समाधान किया गया। उद्यानिकी विशेषज्ञ श्रीमति प्रीति चैहान ने कृषकों को कृषि फसलों के साथ -साथ उद्यानिकी फसलें भी लगाने पर बल दिया तथा उद्यानिकी फसलों से संबंधित समस्याओं का समाधान किया।

    कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा के कृषि वैज्ञानिक श्री घनश्याम जामलिया ने विभिन्न फसलों की नई-नई किस्मों एवं उनके लिये आवश्यक खाद एवं पौषक तत्वों की जानकारी कृषकों को दी।

   पूरे जिले से आये कृषकों ने मेले में लगी प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा कृषि वैज्ञानिक परिचर्चा के माध्यम से विभिन्न नवीन तकनीकों को जाना। कार्यक्रम का संचालन श्री रामलखन शर्मा, कृषि विस्तार अधिकारी ने तथा आभार प्रदर्शन श्री महेन्द्र कुमार ठाकुर, सहायक संचालक कृषि ने किया।

                   जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला के शुभांरभ अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दरयाव सिंह कुर्मी, जनपद पंचायत सिरोंज अध्यक्ष श्रीमति पुष्पा हमीर सिंह यादव, जनपद पंचायत लटेरी अध्यक्ष श्रीमति सीमा बृजमोहन कलावत, कृषि स्थायी समिति सिरोंज अध्यक्ष श्रीमति राजनीता अरविंद्र बघेल समेत अन्य जनप्रतिनिधिगणों के अलावा विभिन्न विभागो के जिलाधिकारी, कृषकगण, कृषि वैज्ञानिक, कृषि अधिकारियों, शासकीय एवं निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।