भोपाल l मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में जनसभा और नामांकन रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम भगवान राम और कृष्ण की संस्कृति वाले लोग हैं। भाजपा में आने वाले लोग दूध में शक्कर जैसे मिलते जा रहे हैं। यह आनंद हमारे बीच में है।हमारे ऐसे कार्यकर्ता हैं, जिन्हें जहां भी खड़ा कर दो वहां पर दम से अपना चुनाव लड़ने जाते हैं। भाजपा एकमात्र पार्टी है जो दुनिया में अपने कार्यकर्ताओं के लिए जानी जाती है। सीएम ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं, अपने सामने एक ऐसा इतिहास बनते देख रहे हैं। उस समय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने दुनिया में बताया कि अपनी भी सरकार बन सकती है, उन्होंने यह कर दिखाया और नरेंद्र मोदी हमारी पार्टी को उससे भी आगे ले जा रहे हैं। कभी कोई कल्पना कर सकता था कि अपने बलबूते पर 2014 में उन्होंने पूरी मेजोरिटी से सरकार चलाई। सभा के बाद पूर्व महापौर और भोपाल संसदीय सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य विधायकों की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया।