विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यपाल का अभिभाषण समाप्त
भोपाल l विधानसभा में अपने अभिभाषण के दौरान राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि 17 दिसंबर 2025 को विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में 12 घंटे तक मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए चर्चा कर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश ऐसी दहलीज पर खड़े हैं, जिसे केंद्र सरकार ने अमृत काल की संज्ञा दी है। राज्यपाल ने उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनने का उल्लेख किया और भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक मध्यप्रदेश को 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया गया है।
अभिभाषण समाप्त होने के बाद उस पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पेश किए जाने की जानकारी दी गई। कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि अभिभाषण के दौरान उन्हें उसकी प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण पढ़ा हुआ माना जाएगा।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा कल से शुरू होगी। सदन की कार्रवाई कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।



