इंदौर l गत माह 30 अक्टूबर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने पल्हर नगर, 60 फीट रोड स्थित एक मकान पर छापा मारा था। यह मकान गिरिराज गुप्ता का है, जो मल्हारगंज में प्रभुश्री ट्रेडर्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 600 लीटर वनस्पति तेल, एसेंस और घी बरामद किया गया था। जांच दल को वहां सांची, अमूल, नोवा और मालवा जैसे नामी ब्रांडों के रैपर और बाहरी कवर भी मिले थे, जिनका उपयोग नकली घी की पैकिंग के लिए किया जा रहा था। मौके से टीम ने घी, तेल और एसेंस के कुल 6 नमूने लिए थे, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा गया था। साथ ही 29 डिब्बे वनस्पति, 13 डिब्बे तेल, 5 बोतल एसेंस और बड़ी संख्या में खाली रैपर जब्त किए गए थे। जांच रिपोर्ट आने पर यह पुष्टि हुई कि जब्त किए गए नमूने अमानक स्तर के थे और व्यापारी द्वारा अनाधिकृत रूप से ब्रांडेड कंपनियों के पैकेट में नकली घी पैक किया जा रहा था। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने और आम जनता के साथ धोखाधड़ी किए जाने के कारण 25 नवंबर 2025 को एरोड्रम थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोपी व्यापारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(1), 335(A), 336(2), 338 एवं 340(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।