भोपाल। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में किए गए कार्यों का प्रतिफल हमेशा तत्काल दिखाई दे, यह आवश्यक नहीं है। उन्होंने वृक्षारोपण का उदाहरण देते हुए कहा कि जो व्यक्ति पेड़ लगाता है, यह जरूरी नहीं कि उसके फल वही व्यक्ति उपभोग करे, किंतु इसका यह अर्थ कतई नहीं कि हम वृक्ष लगाना ही छोड़ दें। इसी प्रकार समाजहित और राष्ट्रहित में किए गए कार्य भी भविष्य की पीढ़ियों के लिए सशक्त आधार तैयार करते हैं।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने यह बात सागर में युवा शक्ति संगठन के प्रथम अधिवेशन को संबोधित करते हुए कही। श्री राजपूत ने कहा कि आज हमारे द्वारा किए गए सकारात्मक प्रयास आने वाली पीढ़ियों को बेहतर समाज, सुदृढ़ राष्ट्र और सुरक्षित भविष्य प्रदान करते हैं। ऐसे कार्य भले ही तत्काल पहचान न दिलाएं, लेकिन समय के साथ उनका महत्व और योगदान स्वयं प्रमाणित हो जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अपने व्यक्तिगत हितों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करें।
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने युवा शक्ति संगठन के सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश हमें शिक्षा, अवसर, संसाधन और सुरक्षा प्रदान करता है, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक और सामाजिक कर्तव्य बनता है कि वह राष्ट्र के उत्थान में अपना सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों से जुड़ने के लिए युवा शक्ति संगठन युवाओं के लिए एक सशक्त, सकारात्मक और प्रेरणादायी मंच प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा शक्ति संगठन के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प शक्ति समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मंत्री श्री राजपूत ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास निश्चित रूप से एक सशक्त, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।

*डॉ गौर की तरह मातृभूमि की सेवा में जुटे आकाश : श्री ठाकुर*

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित डाॅ. हरिसिंह गौर केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु वाय.एस. ठाकुर ने कहा कि डाॅ. हरिसिंह गौर विदेशों में पढ़े और अपनी जन्म भूमि सागर लौटकर आये और उन्होंने यूनिवर्सिटी बनाई, उसी तरह आकाश सिंह राजपूत भी गौर साहब के पद चिन्हों पर चल रहे हैं जो महानगरों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी अपनी मातृभूमि व अपने क्षेत्रवासियों के लिए कार्य करने के लिए राष्ट्र सेवा की सोच को लेकर युवाओं का यह संगठन खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकाश सिंह राजपूत फिल्मी हीरो नहीं रियल हीरों हैं जो युवाओं को एकत्रित कर समाज के उत्थान का बेड़ा उठाये हुये हैं। 

 *युवा शक्ति संगठन सिर्फ राष्ट्र सेवा के लिए है : आकाश सिंह राजपूत*

इस अवसर पर  युवा शक्ति संगठन के उद्वेश्य पर प्रकाश डालते हुए संगठन के प्रमुख आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। इन युवाओं ने इतिहास बदला है, इन्हीं युवाओं के बल पर मैं राष्ट्र सेवा करने के लिए निकला है। युवा शक्ति संगठन राजनीति करने के लिए नहीं राष्ट्र सेवा करने के लिए बनाया है। श्री राजपूत ने कहा कि युवा शक्ति संगठन वह संगठन है जिससे जुड़कर युवा समाज परिवार, राष्ट्र की सेवा कर सकता है जिसको लेकर युवा शक्ति संगठन काम करेगी, व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण की सोच लेकर हम निकले हैं जिसमें आप हजारों युवाओं की संख्या बता रही है। यह संगठन अपनी सोच को साकार करेगा। आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि संगठन के मुख्य कार्यों में युवाओं को समाज से जोड़ना सामाजिक समरसता पर्यावरण अपनी धर्म संस्कृति के प्रति जागरूकता एवं सम्मान आपदा के समय युवाओं का अपने समाज के प्रति कर्तव्य जैसे रक्त दान, रोजगार, नवकरणी ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों सहित राष्ट्रीय एकता स्वदेशी वस्तुओं का प्रचार प्रसार शिक्षा से लोगों को जोड़ना जैसे अनेक कार्य हमारा संगठन आप सभी के माध्यम से करेगा। उन्होंने राजपूत ने कहा कि यह प्रथम अधिवेशन उस महाकार्य का आगाज है जो राष्ट्र के लिए समर्पित रहेगा। हम सभी युवा व्यक्ति निर्माण से शुरूआत करके राष्ट्र निर्माण तक कार्य करेंगे। हमारे संगठन का आदर्श और मुख्य वाक्य है युवा शक्ति राष्ट्र भक्ति जिस पर हम सभी लोग कार्य करेंगे। हम किसी राजनैतिक सोच को लेकर नहीं चल रहे हम सिर्फ राष्ट्र सेवा की सोच को लेकर चल रहे हैं। 

*एकजुट होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करें युवा : डॉ ज्योति चौहान*

इस अवसर पर शहर की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ ज्योति चौहान ने संगठन के युवाओं के लिए शुभकामनायें देते हुए कहा कि संगठन के युवाओं को काम करने के लिए बहुत कुछ है, वो एकजुट होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। कार्यक्रम में जैविक कृषि विशेषज्ञ आकाश चौरसिया ने कहा कि मल्टी लेयर की कृषि कार्य में सभी युवाओं को कार्य करना है ताकि शुद्ध अनाज लोगों तह पहुंचे और बीमारियों से लोग दूर रहें। रोटरी क्लब के मुकेश साहू ने कहा कि आकाश सिंह राजपूत का युवा शक्ति संगठन और रोटरी क्लब मिलकर जरूरतमंदों की सेवा करेंगे। रक्तदान के लिए युवा शक्ति संगठन तथा रोटरी क्लब हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर रहेगा। वरिष्ठ भाजपा नेता डाॅ. सुखदेव मिश्रा ने कहा कि राष्ट्र सेवा को लेकर बनाया गया युवा शक्ति संगठन जनहित में नये आयाम और नये कीर्तिमान को स्थापित करे यह हम सबकी शुभकामनायें है क्योंकि युवाओं ने ही इतिहास बदला है और आप सभी लोग एक नया इतिहास रचेंगे। सत्यजीत सिंह ने संगठन को शुभकामनायें दी। 

*शक्ति का सृजन महान भारत के लिए हो : हीरा सिंह राजपूत*

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शक्ति का सृजन महाभारत करने के लिए नहीं महान भारत के लिए किया जाये और यह संगठन महान भारत के लिए कार्य कर रहा है जिसके लिए हम सभी की ओर से बहुत शुभकामनायें है। इस अवसर पर बुंदेली लोकप्रिय शुभांशिता ठाकुर, सुनील लोधी के गीतों ने समा बांध दिया। ऊर्जावान बक्तव्यों तथा बुंदेली गीतों के बीच युवा शक्ति संगठन का प्रथम अधिवेशन संपन्न हुआ। 
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष रामबाबू सिंह, नर्मदा सिंह, डाॅ. वीरेन्द्र पाठक, हरनाम सिंह ठाकुर, धीरज सिंह औरिया, सत्यजीत सिंह बीना, प्रमोद पटैल, देवेन्द्र दुबे, के.के.नेमा, राकेश तिवारी, नीरज ठाकुर, संदीप सिंह, भगवतशरण, रघुराज सिंह, अरूण गौतम, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, दीपक जैन, अर्जुन पटैल, गोलू पड़रई, सनिल सिंह सहित जिले तथा जिले के बाहर से हजारों युवाओं की उपस्थिति में संगठन का प्रथम अधिवेशन हर्ष उल्लास के साथ संपन्न हुआ।