भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार ने जबलपुर में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि आज आए 22 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव से मध्यप्रदेश और तरक्की करेगा एवं प्रदेश की समृद्धि के द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण के साथ विकास और सुशासन देने वाली भाजपा सरकार में देशी के साथ विदेशी निवेशकों को मध्यप्रदेश पर भरोसा बढ़ा है। आज जबलपुर में संपन्न रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में देश के 15 से अधिक राज्यों के साथ आधा दर्जन देशों के प्रतिनिधि मंडल सहित करीब 4000 से अधिक उद्योगपति और कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मध्यप्रदेश पर देश के साथ विदेशी निवेशकों का भी भरोसा बढ़ा
सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में जनहितैषी सरकार दी है। गरीब कल्याण, विकास और सुशासन सरकार का मुख्य उद्देश्य है, इसीलिए देश के साथ विदेशी निवेशकों का भी भरोसा मध्यप्रदेश पर बढ़ा है। आज जबलपुर में 22 हजार करोड़ से अधिक के जो निवेश प्रस्ताव आए हैं, उनके धरातल पर आने से मध्यप्रदेश में उद्योगों का जाल बिछेगा और आर्थिक समृद्धि आएगी। इतना ही नहीं इन निवेशकों के धरातल पर आने से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

बड़े औद्योगिक समूह कर रहे निवेश
भाजपा की प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज जबलपुर से 67 इकाइयों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया है, जिसमें 4560 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। अशोक लीलैण्ड, आर्म्ड व्हीकल निगम लिमिटेड, हीडबलबर्ग सीमेंट ने मंच से निवेश की घोषणा की है। इसके साथ मध्यप्रदेश में आने वाले दिनों में अदाणी समूह सहित देश के कई बड़े उद्योग समूह निवेश करने वाले हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने भाजपा सरकार प्रदेश को विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में होने वाले निवेश विकसित मध्यप्रदेश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।