रायसेन - 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गौहरगंज में आज तनाव भड़क गया। सकल हिंदू समाज के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई और कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल क्षेत्र में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं l गौहरगंज में आरोपी सलमान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोग स्कूल ग्राउंड में जमा हुए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद जब लोग लौट रहे थे, तभी कुछ युवक मुस्लिम बावली बस्ती की तरफ बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और हल्का लाठीचार्ज किया। इसके बाद युवक आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद उपद्रवी भाग निकले। हालात अब नियंत्रण में हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पथराव के बाद गौहरगंज की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। लोग घरों में बंद हैं और बाजार बंद पड़े हैं। 6 जिलों की पुलिस, QRF और वरिष्ठ अधिकारी लगातार इलाके में गश्त कर रहे हैं। 500 से अधिक जवान हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।शुक्रवार को 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाला आरोपी सलमान  अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। इसी को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्कूल ग्राउंड में हुए धरने में किन्नर समाज और बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। किन्नर समाज ने खुले मंच से कहा कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए, वे उसे "किन्नर बना देंगे"। वहीं महिलाओं ने आरोपी को जिंदा जलाने की मांग उठाई। मंच से वक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यह अंतिम नोटिस है। अगर आरोपी जल्द नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन उग्र होगा।