भोपाल l पेबल बे फेस-1 के रहवासियों ने बिल्डर और सोसायटी अध्यक्ष के बीच कथित सांठ-गांठ का आरोप लगाते हुए कॉलोनी के अवैध हैंडओवर पर आपत्ति दर्ज कराई है। बताया गया कि 476 मकानों वाली इस कॉलोनी में लगभग 2000 लोग रह रहे हैं और पिछले 3 माह से यह मामला विवाद का कारण बना हुआ है।

रहवासियों का कहना है कि बिना किसी आम सूचना, सर्वसम्मति या विस्तृत बैठक के हैंडओवर प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जबकि बिल्डर की ओर से कई विकास कार्य और अधूरी सुविधाएँ अब भी लंबित हैं। रहवासियों द्वारा यह भी आरोप लगाया गया कि बिल्डर द्वारा दिए गए कई मकानों में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं हुआ। कहीं दरवाजों में खराबी है, तो कई घरों में बिजली की फिटिंग कमज़ोर बताई जा रही है। इसके अलावा, कई मकानों में उचित अर्थिंग तक नहीं दी गई। प्लंबिंग से जुड़े कामों को भी रहवासियों ने घटिया स्तर का बताया है।

कॉलोनी निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिल्डर ने समस्याओं का समाधान करने के बजाय रहवासियों को गुमराह करने की नीयत से न्यायालय का सहारा लिया और मामले को लंबा खींचने की रणनीति अपनाई। इससे पहले भी पजेशन को लेकर रहवासी काफी परेशान रहे थे।

रविवार को कॉलोनी में रहवासियों की एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें 70 से अधिक लोग शामिल हुए। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक सुर में कहा कि यह हैंडओवर अवैध है। संचालक मंडल के अन्य 10 सदस्य भी रहवासियों के पक्ष में खड़े बताए गए। रहवासियों ने मांग की कि बाकी कार्य पूरे होने के बाद ही नियमानुसार हैंडओवर प्रक्रिया की जाए, अन्यथा उन्होंने आमरण अनशन तक की चेतावनी दी।