एनएफएल के डायरेक्ट सेल सेंटर का हुआ शुभारंभ
भोपाल l नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के अंतर्गत एन एफ एल डायरेक्ट सेल सेंटर (NDSC) (किसान धन) का शुभारंभ जमोनिया रोड स्थित गल्ला मंडी सीहोर में ईश्वर वंदना एवं हवन पूजन के साथ हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। यह उद्घाटन समारोह क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया।
भव्य उद्घाटन समारोह में एनएफएल के उप महाप्रबंधक श्री नरेंद्र बरगले, उप संचालक कृषि जिला सीहोर श्री अशोक कुमार उपाध्याय, क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी श्री अशोक खाखा, क्षेत्र के किसानगण एवं कंपनी के प्रतिष्ठित थोक उर्वरक विक्रेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय किसान, उर्वरक विक्रेता एवं एनएफएल के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे किसानों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
एनएफएल के इस डायरेक्ट सेल सेंटर के माध्यम से किसानों को कंपनी से सीधे उच्च गुणवत्ता वाले उर्वरक उचित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी, समय पर उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा कालाबाजारी एवं अनियमित भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। यह व्यवस्था उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ किसानों की लागत घटाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
श्री नरेंद्र बरगले जी ने बताया कि ‘किसान धन’ पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को विश्वसनीय, पारदर्शी एवं सुलभ उर्वरक आपूर्ति उपलब्ध कराना है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आय को सुदृढ़ किया जा सके।
उद्घाटन अवसर पर अनेक कृषक बंधुओं ने एनएफएल के गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की खरीद भी बड़े उत्साह के साथ की। कुल मिलाकर, सीहोर में ‘किसान धन’ डायरेक्ट सेल सेंटर का शुभारंभ किसान कल्याण, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में एक सशक्त और सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।



