स्वामी विवेकानंद जी के विचार युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं- प्रभारी मंत्री श्री पंवार
रायसेन l स्वामी विवेकानंद जी की जयंती ‘‘युवा दिवस‘‘ के अवसर पर जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों, आश्रम-शालाओं सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक सूर्यनमस्कार कार्यक्रम आयोजित किए गए। रायसेन स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक सूर्यनमस्कार कार्यक्रम का शुभारंभ मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार तथा सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा स्वामी विवेकानंदजी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत स्वामी विवेकांनदजी की वाणी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का प्रसारण सुना गया। खेल स्टेडियम में आकाशवाणी से प्रसारित कार्यक्रम के अनुरूप प्रभारी मंत्री श्री पंवार, सांची विधायक डॉ चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, पूर्व कैबीनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने एक साथ सामूहिक सूर्यनमस्कार किया और अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम आदि योगासन किए गए। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि स्वामी विवेकानंदजी का जन्मदिवस युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद जी के विचार युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं तथा सभी को स्वामी विवेकानंदजी के आदर्शों और विचारों से प्रेरित होकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग हमारी भारतीय परम्परा का हिस्सा है। योग से सभी का बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास होता है और क्षमताओं में वृद्धि होती है। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंदजी का “उठो-जागो और तब तक मत रूको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो“ का संदेश परमात्मा द्वारा व्यक्ति को प्रदान किए गए असीम ऊर्जा के भण्डार का अनुभव कराकर अपने स्वप्न और लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी क्षमता से प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है। स्वामी विवेकानंद के विचार न केवल युवाओं को सशक्त बनाते हैं, बल्कि हमें समाज और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की भी अनुभूति कराते हैं। सभी स्वामी विवेकानंद के सपनों को पूरा करने के लिए एकजुट हों और राष्ट्र को शक्तिशाली एवं समृद्ध बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ चौधरी ने सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी को जीवन में योग अपनाना चाहिए। योगाभ्यास से हमारा शरीर तो स्वस्थ्य होता ही है, मानसिक रूप से भी सुदृढ़ होते हैं। एकाग्रता और सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होगी। विद्यार्थी नियमित सूर्य नमस्कार करें तो उनकी कुषाग्रता में वृद्धि होगी जो लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में सहायक होगी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन ने भी संबोधित किया। तीन हजार से अधिक बच्चों ने किया सामूहिक सूर्यनमस्कार रायसेन स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक सूर्यनमस्कार, प्राणायाम कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री पंवार, विधायक डॉ चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा, पूर्व कैबीनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता, डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, एएसपी श्री कमलेश कुमार तथा श्री राकेश शर्मा सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राओं द्वारा एक साथ एक संकेत पर सामूहिक सूर्यनमस्कार किया गया।



