भोपाल l लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार स्वस्थ, सशक्त और समावेशी मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। बीते वर्षों में प्रदेश ने चिकित्सा शिक्षा, आधुनिक उपचार सुविधाओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं, आयुष्मान भारत और जनस्वास्थ्य अभियानों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मेडिकल कॉलेज, एमबीबीएस -पीजी सीटों में वृद्धि, पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सहित कैंसर, हृदय उपचार अन्य उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त किया गया है। आयुष्मान योजना के माध्यम से लाखों नागरिकों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया गया है।

मध्यप्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता है कि हर नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ मिलें। उन्होंने गणतंत्र दिवस पर नागरिकों से स्वस्थ नागरिक – सशक्त प्रदेश – समृद्ध भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।