रानी अवंतीबाई लोधी जी की 194 वीं जयंती पर हुआ भव्य आयोजन
देवरी (सागर)— रानी अवंतीबाई लोधी जी की 194वीं जयंती के अवसर पर आज देवरी, जिला सागर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु, समाजजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्थानीय सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल जी ने कहा कि —
“समाज में जब नेतृत्व पैदा हो रहा है तो उसे केवल बनाना ही नहीं, बल्कि बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। ‘सागर और दमोह’ समाज का मुकुटमणि हैं। विचार और चरित्र की बहुत बड़ी ताकत होती है। राज्य चला जाए लेकिन देश की आज़ादी के लिए बलिदान दिया जा सकता है, समझौता नहीं किया जा सकता।”
मंत्री श्री पटेल ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध वीरता से संघर्ष किया। उन्होंने शंकर शाह और रघुनाथ शाह जी के बलिदान का भी स्मरण किया, जिन्होंने राष्ट्रप्रेम से प्रेरित होकर अंग्रेजों के खिलाफ कविता लिखी और इसके परिणामस्वरूप उन्हें तोप से उड़ा दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और समाज के विभिन्न वर्गों ने मिलकर वीरांगना रानी अवंतीबाई के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।


