सीहोर शहर के  कर्बला पुल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने बीच सड़क पर एक अधेड़ व्यक्ति को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। महिला का गुस्सा इस कदर भड़का हुआ था कि उसने बिना किसी डर के सड़क के बीचों-बीच अधेड़ पर थप्पड़ों और लात-घूंसों की बौछार कर दी। आसपास खड़े लोग पहले तो समझ नहीं पाए कि मामला क्या है, लेकिन देखते ही देखते यह झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा। घटना के दौरान कई राहगीरों ने महिला को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं थी।बीच-बचाव करने वालों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। महिला बार-बार अधेड़ पर हमला करती रही, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। इस हंगामे का असर यातायात पर भी पड़ा। कर्बला पुल जैसे व्यस्त मार्ग पर अचानक भीड़ जमा हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सरेराह इस तरह की घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े पुल पर हुई इस मारपीट ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर आम नागरिक कितने सुरक्षित हैं।