रेत माफिया ने किया SDM की गाड़ी पर हमला, पुलिस ने किया केस दर्ज
भिंड l लहार एसडीएम विजय सिंह यादव अवैध रेत परिवहन की सूचना पर सुबह मिहोना बायपास पहुंचे। वहां रेत से भरी दो ट्रैक्टर ट्रॉली बिना रॉयल्टी और ओवरलोड मिलीं। एसडीएम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो एक ड्राइवर ने कार्रवाई से बचने के लिए जानबूझकर एसडीएम की गाड़ी में ट्रैक्टर घुसा दिया। टक्कर से अफसर की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है।एसडीएम की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया और थाने में खड़ा करवाया। पुलिस ने ड्राइवरों के खिलाफ अवैध रेत परिवहन, ओवरलोडिंग और शासकीय वाहन को क्षतिग्रस्त करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। क्षेत्र में चर्चा है कि रेत की ट्राली वाले रेत माफिया नहीं बल्कि बड़े-बड़े डंपर वाले रेत माफिया होते हैं और भिंड में रेत चोरी बड़े पैमाने पर हो रही है पर प्रशासन छोटी-मोटी कार्रवाई कर वाहवाही लूटता है और बड़े रेत माफिया मजे से अपना काम कर रहे हैं l



