सेवा भारती का किशोरी शिविर संपन्न
रायसेन- वार्ड क्रमांक 1 और 2 में सेवा भारती और शिवगोमती जनकल्याण समिति, के संयुक्त तत्वावधान में किशोरी विकास व्यक्तित्व शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक चेतना को मजबूत करना रहा।
दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए इस शिविर में प्रांत महिला समन्वय, मध्यभारत प्रांत की सुश्री शशि ठाकुर मुख्य वक्ता के ने कहा कि आज समाज के हर क्षेत्र में बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। स्वच्छता, स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बताते हुए उन्होंने किशोरियों से आत्मअनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रांतीय उपाध्यक्ष सेवा भारती मध्य भारत प्रांत श्रीमती किरण शेजवार ने किशोरियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और आत्मबल ही व्यक्तित्व निर्माण की असली पूंजी है। वहीं श्रीमती मीनल शेजवार ने कौशल विकास और प्रबंधन की भूमिका पर जोर देते हुए बताया कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से बेटियां आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
शिविर का एक अहम सत्र आत्मरक्षा को समर्पित रहा, जिसमें ताइक्वांडो प्रशिक्षिका शिखा गौर ने किशोरियों को सुरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए। कार्यक्रम के अंत में सभी किशोरियों को स्वच्छता किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्रीमती राजकुमारी शाक्य, निरीक्षिका रजनी कुशवाहा, पूर्णकालिक कार्यकर्ता रंजीत धुर्वे सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। आयोजन ने किशोरियों में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार किया।


