कृषक हेमेंन्द्र टेंभरे के खेत में लगी रागी की फसल का किया गया निरीक्षण
बालाघाट l कृषि विभाग द्वारा श्री अन्न योजना के अंतर्गत जिले में रागी एवं कोदो का क्षेत्र विस्तार किया जा रहा है और किसानों को इन फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों को रागी के बीज मिनीकिट का नि:शुल्क किसानों को वितरण किया गया है। कृषि विभाग द्वारा किसानों के खेतों में लगी रागी की फसल का सतत निरीक्षण कर उन्हें मार्गदर्शन दिया जा रहा है। बिरसा विकासखंड के ग्राम सुकतरा में कृषक हेमेंद्र टेंभरे के खेत में क़ृषि विभाग द्वारा प्रदर्शन के अंतर्गत कोदो एवं रागी (मड़िया ) की फसल लगाई गई है। कृषि विस्तार अधिकारी श्री योगेश वाहने ने 18 जुलाई को हेमेंद्र टेंभरे के खेत में लगी रागी एवं कोदो की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषक हेमेंन्द्र को रागी व कोदो फसल की देखरेख के बारे में तकनीकी जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि रागी की फसल का एक एकड़ में 12 क्विंटल तक उत्पादन मिलता है। बाजार में रागी का दाम लगभग 05 हजार रुपये प्रति क्विंटल है। रागी की फसल खरीफ और रबी दोनों सीजन में ली जा सकती है। धान की तुलना में रागी की फसल में किसानों को अधिक मुनाफा मिल सकता है। मधुमेह के रोगियों के लिए अधिक उपयोगी होने एवं पोषक तत्वों से परिपूर्ण होने के कारण बाजार में रागी की भारी मांग है।



