कार्यकर्ताओं से मिलने वाला फीडबैक सरकार की योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहायक होगा - मंत्री उदय प्रताप सिंह
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं का समाधान किया। जिन जनसमस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेज दिया। कार्यकर्ताओं से संवाद एवं समन्वय के बाद मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल द्वारा प्रदेश कार्यालय में शुरू की गई कार्यकर्ताओं से संवाद की व्यवस्था मंत्रियों को कार्यकर्ताओं व जनता से सीधे जुड़ने का अवसर दे रही है। कार्यकर्ताओं से मिलने वाला फीडबैक भाजपा सरकार योजनाओं को और प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। इस नवाचार के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हो रहा है जनसमस्याओं का समाधान
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं को अब जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश शासन के मंत्रियों के बंगले या वल्लभ भवन जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ही मंत्रियों द्वारा किए जाने वाले संवाद में जनसमस्याओं का समाधान हो रहा है। आज मैंने भी प्रदेश कार्यालय में अनेक कार्यकर्ताओं व वरिष्ठजनों से संवाद कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं और समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। कार्यकर्ताओं से मुलाकात व संवाद के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर मूल्यवान फीडबैक प्राप्त हो रहा है, जो सरकार की योजनाओं को और प्रभावी बनाने में सहायक होगा। यह व्यवस्था पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता के लिए भी सुविधा बढ़ाने वाली है, जिससे समय, ऊर्जा और संसाधनों की बचत हो रही है। आने वाले समय में यह पहल सरकार, संगठन और जनता के बीच सेतु का मजबूत एवं लाभकारी माध्यम बनेगी।



