खजुराहो। देश और मध्यप्रदेश में वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने कभी बुंदेलखंड के विकास और यहां के सूखे जैसी विकराल समस्या को हल करने के संबंध में कोई कार्य नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने बुंदेलखंड की जनता को पीने के पानी तक के लिए तरसाया है। 2014 में श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद बुंदेलखंड के साथ-साथ देशभर के लोगों को बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया हो सकी हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गांव-गांव सड़क और घर-घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी सरकार का फोकस ग्रामीण विकास पर है। पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश का विकास करने के साथ भ्रष्टाचार और आतंकवाद को समाप्त करने का कार्य किया है। श्री मोदी जी अब देश को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ भारत को विश्व गुरू बनाने का कार्य कर रहे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के राजनगर विधानसभा के ग्राम पुरा में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने राजनगर विधानसभा के दर्जन भर से अधिक गांवों में सघन जनसंपर्क कर भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत से लोकसभा चुनाव जिताने की अपील की।
केन-बेतवा से 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में होगी सिंचाई, आएगी खुशहाली
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नदी जोड़ो परियोजना के तहत 44 हजार करोड़ से अधिक की केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात दी है। यह परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र की तकदीर और तश्वीर बदलने का कार्य करेगी। इस परियोजना से पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र की करीब 10 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। सिंचाई होने से खेती लहलहाएगी और किसान खुशहाल होंगे। इस परियोजना से गांव-गांव तक पानी पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री जी ने बुंदेलखंड को सूखे से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार कर रही है। खजुराहो क्षेत्र के युवाओं को कृषि में स्नातक और इंजीनियरिंग करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लवकुश नगर में जल्द ही बड़ा सिविल अस्पताल बनकर तैयार हो जायेगा। 
भ्रष्टाचार और आतंकवाद पूरे देश में समाप्त
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि जब तक देश में कांग्रेस की सरकार थी, आए दिन भ्रष्टाचार उजागर होते थे। कांग्रेस शासनकाल में लाखों करोड़ के भ्रष्टाचार हुए, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दस वर्ष के कार्यकाल में एक भी रूपए का भ्रष्टाचार नहीं हुआ। कांग्रेस नेता स्व. राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए कहा था कि मैं दिल्ली से एक रूपए गरीबों के लिए भेजता हूं तो गरीबों तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं, बाकी 85 पैसे बिचौलिया खा जाते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। श्री मोदी जी भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करा रहे हैं, इसलिए लिए भ्रष्टाचारी परेशान हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से नकेल कसी है। कांग्रेस के राज में आए दिन देश के अलग-अलग राज्यों व शहरों में आतंकी धमाके होते थे, लेकिन श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आतंवादी घटनाएं लगभग समाप्त हो गई हैं। अब किसी शहर में धमाके नहीं होते, इतना ही नहीं अब भारत सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक करके दुश्मन देश में घुसकर भी आतंकवादियों का सफाया करने का कार्य कर रहा है।
राम के विरोधियों को महाराजा छत्रसाल की भूमि पर पैर नहीं रखने देगी जनता
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड महाराजा छत्रसाल की भूमि है। ओरछा में राजा राम विराजमान हैं। खजुराहो अगस्त्य मुनि की भूमि है। यहीं पर भगवान श्रीराम को अगस्त्य मुनि ने शस्त्र धारण कराते हुए कहा था कि अब प्रभु श्रीराम आप दुष्टों व पापियों का संहार करें। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की जनता का भाजपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के पति विश्वास को देखते हुए कांग्रेस पहले ही मैदान छोड़ चुकी है। सपा ने पहले टिकट दिया, फिर बदला। अब सपा भी मैदान से बाहर हो चुकी है। कांग्रेस ने उस समाजवादी पार्टी का समर्थन कर रही है, जिसने राम भक्तों व कार सेवकों पर गोलियां चलवाई हैं। कांग्रेस पार्टी और मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र और बुंदेलखंड की जनता ने मन बना लिया है कि यहां भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाले, प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराने वालों को यहां पैर नहीं रखने देगी। प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी जी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ विश्व गुरू बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इसलिए आप सभी जनता जनार्दन श्री नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से प्रधानमंत्री बनाने के लिए हर बूथ पर भाजपा को जिताने के साथ ऐतिहासिक बहुमत से भाजपा को लोकसभा में विजयी बनाएं।
*प्रदेश अध्यक्ष ने विभिन्न ग्रामों में किया जनसंपर्क*
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा के प्रवास पर थे। श्री शर्मा ने टहनगर, पीरा, अक्टौहा, भितरिया, दौनी, चितहरी, पठा, पुरा, दिदवारा, मिढका, ज्योराहा, हरद्वार और लवकुश नगर में जनसंपर्क करते हुए श्री नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आव्हान किया।