कौन हैं वे गुंडे जिन्होंने साहसी शुभम को चाकूओं से गोंद कर मार डाला..?
विदिशा l इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने नंदू उर्फ शुभम चौबे को चाकू से गोद कर मार डाला। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है। इस वारदार का वीडियो भी वायरल हो गया है। वारदात के बाद लोगों ने शुभम को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक नंदू चौबे करैया खेड़ा रोड निवासी चुन्नी और उसके साथियों को एक युवती से छेड़छाड़ करने से रोका था। मामला थाने तक नहीं पहुंचा था। शनिवार रात चुन्नी अपने साथियों के साथ बाइक से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी पहुंचा और शुभम को बाहर बुलाया और वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान आसपास के कुछ लोग भी वहां मौजूद थे लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। गंभीर रूप से घायल शुभम को मोहल्ले के लोग फौरन अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है l घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी अपने साथियों के साथ नंदू के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि नंदू मिलनसार स्वभाव का युवक था।
पुलिस के अनुसार चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस फौरन अस्पताल पहुंची। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। CCTV के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।


