भोपाल l नवदुर्गा एवं अष्टमी पर्व के अवसर पर पूरे मध्यप्रदेश में मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई गई । प्रदेशभर में पुलिस बल ने सतत रूप से तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया है। इसी क्रम में मैहर के माँ शारदा मंदिर में पुलिस ने उत्कृष्ट प्रबंधन के साथ मानवता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। मंदिर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी द्वारा सेवा भाव एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक दिव्यांग श्रद्धालु को गोद में उठाकर सुरक्षित रूप से मंदिर तक पहुंचाया गया तथा उन्हें सुगम दर्शन कराए गए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा भीड़भाड़ के दौरान एक मासूम बालक अपनी माता से अलग होकर भीड़ में फंस गया था, जिसे पुलिस की सजगता एवं तत्परता से सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी माता से मिलाया गया। इस संवेदनशील पहल से न केवल बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि परिजन को भी राहत मिली।

मध्यप्रदेश पुलिस मेले-पर्वों में 'सेवा, सुरक्षा और सहयोग' के मंत्र पर चलते हुए कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य के साथ मानवता का परिचय दे रही है।