छतरपुर l नौगांव थाना पुलिस ने आदिवासी समुदाय के चार युवकों को चोरी के संदेह में हिरासत में लिया, उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्हें उल्टा लटकाया गया, निर्वस्त्र कर गुप्तांगों में मिर्च डाली गई और उनकी चमड़ी तक उधेड़ दी गई। घटना के विरोध में पीड़ित युवक और उनके परिजन शनिवार रात छतरपुर एसपी कार्यालय में धरने पर बैठ गए। पीड़ितों की स्थिति गंभीर थी, उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान साफ देखे जा सकते थे। कई युवक अर्धनग्न अवस्था में थे, जो पुलिस ज्यादती की भयावह तस्वीर पेश कर रहे थे। पूर्व विधायक नीरज दीक्षित की मौजूदगी में धरना देर रात एक बजे तक चला, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी पीड़ितों को बस की व्यवस्था कर गांव वापस भेजा। इस मामले  में आज नौगांव थाने के तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।  निलंबित पुलिसकर्मी हैं: एएसआई शिवदयाल,प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा,आरक्षक राम जाट .. प्रमुख आरोपी माने जा रहे थाना प्रभारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आदिवासी समाज  में नाराजगी बनी हुई है।