छिंदवाड़ा कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा आज छिंदवाड़ा शहर के खजरी रोड में संचालित जैविक मार्ट का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री पार्थ जैसवाल, कृषि विज्ञान केन्द्र-2 देलाखारी तामिया के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ.आर.सी.शर्मा, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह सहित कृषि विभाग एवं आत्म परियोजना के अन्य अधिकारी भी साथ थे। इस जैविक मार्ट में गौ-आधारित कृषि कर रहे किसानों से प्राप्त अनाजों से चोकर निकाले बिना नवरत्न आटा बनाकर विक्रय किया जाता है। इसके अतिरिक्त गौ-आधारित अन्य जैविक कृषि उत्पाद भी विक्रय किए जाते हैं। जैविक मार्ट के संचालक श्री राहुल वसूले ने  नवरत्न आटा तैयार करने की प्रक्रिया भी बताई। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा अधिकारियों के साथ नवरात्र आटा तैयार करने की प्रक्रिया का अवलोकन भी किया गया। जिसके बाद उन्होंने ग्राम जामुनझिरी में देव डेयरी का भी औचक निरीक्षण किया।