लापरवाह राजस्व अधिकारी होंगे दंडित : मंत्री श्री वर्मा

भोपाल l राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने लापरवाह राजस्व अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा है कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में और राजस्व सेवाओं को प्रदाय करने में उदासीनता और लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं संभाग, जिला और तहसील क्षेत्र में भ्रमण कर राजस्व महाअभियान-2.0 की कार्रवाई की समीक्षा करेंगे। उनके भ्रमण के दौरान मिलने वाली शिकायतों और लंबित प्रकरणों के पाये जाने पर संबंधित राजस्व अधिकारी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। राजस्व मंत्री श्री वर्मा मंगलवार को मंत्रालय में राजस्व महाअभियान-2.0 की समीक्षा कर रहे थे।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित है। समय-सीमा के पार प्रकरणों लंबित रहना दर्शाता है कि संबंधित राजस्व अधिकारी प्रकरणों के निराकरण में रूचि नहीं ले रहे हैं। इससे किसान और आम नागरिक परेशान होते हैं। ऐसी स्थिति कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और विभाग के लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिये राजस्व महाअभियान-2.0 संचालित किया जा रहा है। महाअभियान की गतिविधियों की रोजाना समीक्षा की जाये। उन्होंने कहा कि समीक्षा में यह भी देखा जाये कि जिलेवार और राजस्व अधिकारी वार लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति क्या है। बैठक में बताया गया कि नामांतरण के लंबित एक लाख 2 हजार 811 प्रकरणों में से 48 हजार 346, बंटवारा के लंबित 13 हजार 57 प्रकरणों में से 5636 और अभिलेख दुरूस्ती के लंबित 10 हजार 699 प्रकरणों में से 1732 प्रकरण निराकृत किये गये हैा। इसके साथ ही एक लाख 63 हजार 230 नक्शा तरमीम दर्ज किये गये। राजस्व महाअभियान-2.0 का संचालन 31 अगस्त तक किया जायेगा। बैठक में प्रमुख्सचिव श्री निकुंज श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।