पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल शस्त्र पूजन में हुए शामिल

नरसिंहपुर l प्राचीन शस्त्र- पूजन परंपरा के अनुरूप विजयादशमी पर्व पर पुलिस लाइन नरसिंहपुर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के मुख्य आतिथ्य में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। गोटेगाँव विधायक श्री महेन्द्र नागेश,पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटेल,कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगाखी डेका भी इस शस्त्र-पूजन में शामिल हुए।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा सनातन संस्कृति के विधि- विधानों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच पवित्र यज्ञ में आहुतियाँ देकर शस्त्र पूजन किया।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि इस वर्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर पूरे प्रदेश में दशहरा पर्व सरकार और समाज मिलकर धूमधाम के साथ मना रहे हैं। मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि आज शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन के तहत पहली बार शस्त्र पूजन में शामिल होने कि सौभाग्य मिला है इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त करता हूँ। इसके लिए सभी को शुभकामनाएँ। आप सब अपने कर्तव्यों के प्रति सजग व ईमानदार रहें।हमारा संविधान हमें मर्यादा में रहने की सीख देता है। मेरे गुरु परम पूज्य श्री श्री बाबा श्री जी ने कहा था कि दानवों से लड़ने के लिए महादानव नहीं बनना पड़ता है, बल्कि शक्ति बनना पड़ता है।
मंत्री श्री पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति की उपासना का पर्व है। यह पर्व इसी बात का संदेश देता है कि शस्त्र पूजन करें और साधना व संयम की पराकाष्ठा को मानें। सामर्थ्यवान होने के बावजूद किसी अन्याय नहीं करें। मेरी यह व्यक्तिगत राय है कि शस्त्र पूजन समाज के मूल्यों एवं धर्म की रक्षा के लिए किया जाता है इसलिए शस्त्र रखने वालों को इस साधना की ज़रूरत है, ताकि वह मर्यादित होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सके। समाज में संतुलन बनाने के लिए हमें जागरूक होना पड़ेगा।
विधायक श्री नागेश ने कहा कि सत्य प्रताड़ित हो सकता है किन्तु पराजित नहीं हो सकता है। आज के इस आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद। हम जानते हैं कि बुराई पर अच्छाई की जीत हमेशा होती है। प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष का दशहरा पर्व महिला सशक्तिकरण और सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा होने के नाते यही मंशा होती है कि हम नियम एवं क़ानून से अपने कर्तव्यों एवं ज़िम्मेदारी का निर्वाह बख़ूबी कर पाए। क़ानून की आवश्यकता हमें तब होती है जब कोई अपने शक्ति से किसी व्यक्ति के अधिकारों का हनन करता है। इस दिशा में पुलिस की अहम भूमिका होती है। हम यह ध्यान रखें कि हमारा संविधान सर्वोपरि है। आप सभी जिलेवासियों को दशहरे पर्व की शुभकामनाएँ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती डेका ने कहा कि हम यह पूजा इसलिए कर रहे हैं, ताकि समाज की बुराई को ख़त्म कर सके। पुलिस परिवार के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पहली बार मंत्री एवं विशिष्ठ अतिथियों का आगमन हुआ है यह हमारे लिए ख़ुशी की बात है। प्रकृति में अच्छाई और बुराई दोनों होती है। बुराई को मिटाने के लिए हमें अपनी शक्ति का उपयोग करना होता है।